नई दिल्ली, 1 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली 6 को चार विकेट से हरा दिया। अनुज रावत के शानदार शतक के बावजूद पुरानी दिल्ली 6 को जीत नहीं मिल सकी।
मुकाबले से पहले गायक सुखबीर सिंह और सुनंदा शर्मा ने रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद शुरू हुए मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पांच ओवर के भीतर महज 30 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।
मुश्किल परिस्थिति में कप्तान अनुज रावत और देव लाकड़ा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 132 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। देव लाकड़ा ने 37 गेंदों पर 53 रन बनाए, जबकि अनुज रावत ने कप्तानी पारी खेलते हुए 59 गेंदों में नाबाद 105 रन ठोके। उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे।
अनुज को 99 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला और अगली ही गेंद पर उन्होंने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा कर लिया। उनकी तूफानी पारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने 20 ओवर में चार विकेट पर 202 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने आक्रामक शुरुआत की। कप्तान यश ढुल और सिद्धार्थ जून ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 65 रन जोड़ दिए। सिद्धार्थ 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि युगल सैनी ने 16 गेंदों पर 22 रन बनाए।
यश ढुल ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 45 गेंदों में 72 रन की अहम पारी खेली। उनके आउट होने के बाद वंश बेदी ने 13 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम की जीत की राह आसान की।
आखिरी ओवरों में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। केशव दाबस ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पेनल्टिमेट ओवर की आखिरी दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए। इससे अंतिम ओवर में जीत के लिए सिर्फ तीन रन की जरूरत रह गई। इसके बाद जसवीर सहरावत ने विजयी रन बनाकर सेंट्रल दिल्ली किंग्स को चार विकेट से जीत दिला दी।
इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने DPL 2026 अभियान की शानदार शुरुआत की, जबकि अनुज रावत का शतक टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुआ।