दिव्यांग बच्चों के बीच धामी ने मनाया जन्मदिन, बोले- यही सबसे खास तोहफा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपना जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया। मुख्यमंत्री देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनके साथ कुछ समय बिताया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर संस्थान के बच्चे भी उत्साहित नजर आए। धामी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान संस्थान का माहौल अपनत्व और खुशी से भरा रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच समय बिताने से उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर प्रतिभा और आगे बढ़ने की क्षमता होती है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए पर्याप्त अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले।

धामी ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से कहा कि आत्मविश्वास, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के माध्यम से जीवन की चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए।

धामी ने कहा कि जन्मदिन पर बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए सबसे विशेष और यादगार उपहार है। उन्होंने बच्चों के साथ बिताए इस समय को अपने जन्मदिन की खास खुशी बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक भी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.