राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में उत्तराखंड का दम, युवा खिलाड़ियों ने जीते चार पदक

देहरादून में आयोजित सब जूनियर, कैडेट एवं जूनियर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में 4 से 7 जून तक आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में शौकीन कराटे अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में कुल चार पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता में शानवी बोरा ने 7 वर्ष आयु वर्ग के 25 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं वेदान्त राहुत ने 10 वर्ष आयु वर्ग के 40 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। निवेदिता गैरोला ने 10 वर्ष आयु वर्ग के 30 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि दिग्यांत सेठ ने कैडेट वर्ग के 52 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

खिलाड़ियों ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात कर अपनी उपलब्धियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर अकादमी के कोच शौकीन लाल ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मंत्री गणेश जोशी ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य खेलों के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.