फिलीपींस में एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक प्राकृतिक घटना देखने को मिली, जब देश के सबसे सक्रिय मायोन ज्वालामुखी के ऊपर से एक चमकदार हरे रंग का उल्कापिंड आसमान में तेजी से गुजरता दिखाई दिया। यह अद्भुत दृश्य न केवल लोगों को रोमांचित कर गया, बल्कि कैमरे में भी साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गया।
फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (फिवोल्क्स) के अनुसार यह घटना 25 मई की रात करीब 10:33 बजे दर्ज की गई। लिग्नॉन हिल स्थित आईपी कैमरे में एक चमकीला हरा उल्कापिंड मायोन ज्वालामुखी की उत्तरी ढलानों के ऊपर से गुजरता दिखाई दिया। अंधेरे आसमान में इसकी तेज रोशनी ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, जिसने देखने वालों को हैरान कर दिया।
इस घटना की खास बात यह रही कि जिस समय उल्कापिंड आसमान में चमक रहा था, उसी समय मायोन ज्वालामुखी भी पूरी तरह सक्रिय था। पिछले लगभग 140 दिनों से यह ज्वालामुखी लगातार लावा उगल रहा है। सोमवार शाम को भी ज्वालामुखी में कई छोटे विस्फोट दर्ज किए गए, जिनसे गर्म राख, गैस और पत्थरों का बहाव देखा गया।
फिवोल्क्स के अनुसार शाम 7:20 बजे और 7:26 बजे गर्म मलबे और राख का तेज प्रवाह दर्ज किया गया, जबकि 7:25 बजे हुए एक हल्के विस्फोट में चमकता हुआ लावा ऊपर की ओर उछलता नजर आया। ऐसे में एक ही रात में दो शक्तिशाली प्राकृतिक घटनाओं का एक साथ दिखाई देना बेहद दुर्लभ माना जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मायोन ज्वालामुखी के लिए अलर्ट लेवल-3 लागू कर रखा है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि ज्वालामुखी में गतिविधियां बढ़ रही हैं और बड़ा विस्फोट होने की आशंका बनी हुई है। एहतियात के तौर पर लोगों को छह किलोमीटर के खतरे वाले क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
करीब 2,462 मीटर ऊंचा मायोन ज्वालामुखी अपनी खूबसूरत शंक्वाकार आकृति के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है, लेकिन इसका इतिहास कई विनाशकारी विस्फोटों का गवाह रहा है।