नई दिल्ली। डाक विभाग और Flipkart के बीच देशभर में पार्सल डिलीवरी सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए एक अहम समझौता हुआ है। इस साझेदारी के जरिए अब फ्लिपकार्ट अपने पार्सल देश के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों तक तेजी और बेहतर तरीके से पहुंचा सकेगा। माना जा रहा है कि यह कदम भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स सेक्टर को नई मजबूती देगा।
संचार मंत्रालय के अनुसार नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में डाक विभाग के पार्सल निदेशालय के महाप्रबंधक नीरज कुमार झा और फ्लिपकार्ट के वाणिज्यिक निदेशक हरविंदर कपूर ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत इंडिया पोस्ट फ्लिपकार्ट के शिपमेंट के लिए अंतिम मील डिलीवरी सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस साझेदारी का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि फ्लिपकार्ट अब डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों के विशाल नेटवर्क का उपयोग कर सकेगा। इससे शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सामान की डिलीवरी पहले से अधिक तेज और आसान हो जाएगी। खासतौर पर उन इलाकों में, जहां निजी लॉजिस्टिक्स कंपनियों की पहुंच सीमित है, वहां इंडिया पोस्ट की भूमिका बेहद अहम साबित होगी।
समझौते के तहत ग्राहकों को प्रीपेड और कैश ऑन डिलीवरी (सीओडी) दोनों प्रकार की सेवाएं मिलेंगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओटीपी आधारित डिलीवरी प्रमाणीकरण और रियल-टाइम शिपमेंट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसके साथ ही तेज डिलीवरी, बेहतर तकनीकी समन्वय और सुचारु पार्सल मूवमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सहयोग से फ्लिपकार्ट की बाजार पकड़ और मजबूत होगी, वहीं डाक विभाग को भी अपने पार्सल और लॉजिस्टिक्स कारोबार को विस्तार देने में मदद मिलेगी। यह कदम डाक विभाग को डिजिटल अर्थव्यवस्था की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक लॉजिस्टिक्स संस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर डाक विभाग के मुख्य महाप्रबंधक अदनान अहमद और फ्लिपकार्ट के कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक डिप्पी वंकानी समेत दोनों संस्थाओं के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।