प्रेमानंद महाराज की खराब तबीयत के चलते उनकी बहुप्रतीक्षित पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। साथ ही उनके एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। इस खबर के बाद वृंदावन पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं में निराशा और चिंता का माहौल देखने को मिला।
रविवार देर रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाराजजी के दर्शन और उनकी प्रसिद्ध पदयात्रा में शामिल होने के लिए वृंदावन पहुंचे थे। लेकिन रोजाना की तरह सोमवार तड़के 3 बजे जब प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर नहीं निकले, तो भक्तों में बेचैनी बढ़ गई। इसके बाद आश्रम के शिष्यों ने लाउडस्पीकर के जरिए जानकारी दी कि महाराजजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और डॉक्टरों ने उन्हें पूर्ण आराम की सलाह दी है।
बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज पिछले 21 वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। हाल ही में स्वास्थ्य में आई परेशानी के कारण उन्हें फिलहाल सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखा गया है। आश्रम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सड़क किनारे भीड़ न लगाने और शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद बड़ी संख्या में भक्त बिना दर्शन किए ही लौट गए।
वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पदयात्रा और दर्शन दोबारा कब शुरू होंगे। हालांकि भक्त लगातार महाराजजी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रेमानंद महाराज रोजाना तड़के केली कुंज आश्रम से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर सौभरी वन तक जाते हैं। उनकी इस पदयात्रा में सामान्य दिनों में भी करीब 20 हजार श्रद्धालु शामिल होते हैं। देशभर में उनके लाखों अनुयायी हैं।
Virat Kohli, Anushka Sharma, Ashutosh Rana, Hema Malini और Mika Singh जैसी कई प्रसिद्ध हस्तियां भी उनके अनुयायियों में शामिल हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रेमानंद महाराज की बड़ी लोकप्रियता है।