रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, 68 यात्रियों को बचाने के लिए 15 मिनट में चला बड़ा रेस्क्यू

रतलाम में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब केरल के तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5:15 बजे आलोट क्षेत्र में लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन संख्या 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में आग लगने के दौरान उसमें 68 यात्री सवार थे। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ट्रेन रतलाम जंक्शन से रात करीब 3:45 बजे रवाना हुई थी और कोटा की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान गार्ड ने बी-1 कोच से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका गया। रेलवे स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे डिब्बों में शिफ्ट कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, फायर ब्रिगेड और मेडिकल रिलीफ टीमें मौके पर पहुंच गईं। रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और मेडिकल यूनिट को भी तत्काल रवाना किया गया। आग फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोच का बिजली कनेक्शन काटकर उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया। हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा और कई ट्रेनों को बीच रास्ते रोका गया।

रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.