मध्य प्रदेश में देर रात कांपी धरती, बैतूल में भूकंप के झटकों से घरों से बाहर निकले लोग

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 9:31 बजे अचानक धरती कांपने लगी, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 मापी गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

भूकंप का केंद्र बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के मानीखापा गांव के पास जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप की गहराई कम होने के कारण झटके ज्यादा महसूस किए गए। इसका असर बैतूल के अलावा छिंदवाड़ा जिले से लगे कई इलाकों में भी देखने को मिला। कई लोगों ने बताया कि उनके घरों के दरवाजे, खिड़कियां और गेट अचानक हिलने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासी पाशा खान ने बताया कि अचानक कंपन महसूस होने पर लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए। कई परिवार देर रात तक खुले स्थानों पर खड़े रहे। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर हालचाल लिया और भूकंप की जानकारी साझा की। मुलताई और पांढुर्णा क्षेत्र में कंपन कुछ सेकंड तक महसूस किया गया, जिसके बाद लोगों में डर का माहौल बना रहा।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि मुख्य भूकंप के बाद हल्के आफ्टरशॉक्स आने की संभावना बनी रहती है। इसी कारण लोगों को जर्जर इमारतों से दूर रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हल्के कंपन महसूस किए जा रहे थे। हालांकि वैज्ञानिक लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.