देहरादून में रविवार को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के उद्देश्य से ‘पर्यावरण संकल्प साइकिल रैली’ का आयोजन किया गया। स्वर्गीय हरबंस कपूर की स्मृति में आयोजित इस रैली को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि यह प्रदूषण कम करने और ईंधन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने के साथ युवाओं को फिट और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
मंत्री ने स्वर्गीय हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें अपना राजनीतिक गुरु और प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और राजनीति के मूल्यों को उन्होंने कपूर साहब से सीखा है। उनका सादा जीवन और लोगों के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणा है।
यह साइकिल रैली केवी ओएनजीसी बैरियर, कोलागढ़ रोड से शुरू होकर होटल सेफ्रन लीफ तक निकाली गई। रास्ते भर प्रतिभागियों ने पर्यावरण बचाने और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री गणेश जोशी ने रैली के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
स्वर्गीय हरबंस कपूर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, पार्षद नंदनी शर्मा, ओपी कुलश्रेष्ठ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन ने युवाओं के बीच पर्यावरण जागरूकता को लेकर सकारात्मक संदेश दिया।