रक्षाबंधन पर धामी का बड़ा तोहफा, 60 साल की महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर

देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अभी 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है। अब इसी व्यवस्था को महिलाओं के लिए 60 वर्ष की आयु से लागू किया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

उन्होंने देहरादून में चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों में से 10 बसों को पिंक ई-बस के रूप में महिलाओं को समर्पित करने की भी घोषणा की। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को 137 इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं, जिनमें से देहरादून में 100 बसें संचालित होंगी। पिंक ई-बस की सुविधा आगे अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से बढ़ाई जाएगी।

महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और पर्यटन क्षेत्रों में महिलाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की भी बात कही। इनमें स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

समारोह में बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। धामी ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व है और यह मातृशक्ति के सम्मान का संदेश भी देता है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के जरिए महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में 3.09 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने महिलाओं से अब लखपति से आगे बढ़कर करोड़पति बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.