देहरादून में पत्रकारिता का भव्य सम्मान समारोह, 16 वरिष्ठ पत्रकारों को मिला बड़ा सम्मान

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार को पत्रकारिता जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। Buddhijivi Foundation की ओर से नारद जयंती के अवसर पर इंदर रोड स्थित प्रेक्षागृह में “पत्रकारिता का स्वरूप” विषय पर विशेष विमर्श और वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पत्रकारिता के विभिन्न दौरों को करीब से देखने और समाज को दिशा देने वाले 16 वरिष्ठ पत्रकारों को “ऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संस्थापक स्वर्गीय भव्य निधि शर्मा को उनकी 19वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मंच पर उन पत्रकारों को सम्मानित किया गया जिन्होंने दशकों तक निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के जरिए समाज को जागरूक करने का कार्य किया।

सम्मानित पत्रकारों में स्वर्गीय राजेंद्र जोशी को मरणोपरांत याद किया गया। वहीं 55 वर्षों से अधिक समय तक पत्रकारिता करने वाले मार्तण्ड पंडित रामेश्वर दत्त शर्मा और 47 वर्षों का अनुभव रखने वाले निशीथ जोशी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा वी.के. शर्मा, मनमोहन लखेड़ा, गिरिधर शर्मा, सलीम सैफी, रमेश दत्त पालीवाल और जीत मणि पैन्यूली सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

20 से 25 वर्षों तक सक्रिय पत्रकारिता करने वाले गजेंद्र सिंह नेगी, जे. उस्मानी, ललित उनियाल, फहीम तन्हा, अवधेश नौटियाल, शाह नज़र और राज पंडित को भी शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष Dr. S. Farooq ने सभी पत्रकारों का अभिनंदन किया।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति Rajesh Tandon ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। कार्यक्रम में कई बुद्धिजीवियों और सामाजिक हस्तियों ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.