देहरादून। राजधानी देहरादून में सड़कों की खुदाई के बाद लंबे समय तक मरम्मत न होने की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय परियोजना समन्वय समिति की बैठक में संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खुदाई के बाद सड़कों को तुरंत दुरुस्त किया जाए और ब्लैकटॉप में किसी भी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में पिटकुल और यूपीसीएल द्वारा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने से जुड़े 13 प्रस्तावों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि पहले से चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। इसके लिए आवश्यक संसाधन जुटाकर डबल शिफ्ट में दिन-रात काम करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक पुराने कार्य पूरे नहीं हो जाते, तब तक नए प्रस्तावों को अनुमति नहीं दी जाएगी। जिन स्थानों पर काम पूरा हो चुका है, वहां थर्ड पार्टी निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कर सड़क का पुनः ब्लैकटॉप सुनिश्चित किया जाएगा।
यूपीसीएल के लॉट-1 के अंतर्गत पांच परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें से तीन पर काम जारी है। इनमें रायपुर कर्जन रोड, कैनाल रोड और मॉडर्न कॉलोनी से धर्मपुर चौक तक केबल भूमिगत करने का कार्य शामिल है। वहीं, दो नए प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें मॉडर्न कॉलोनी से परेड ग्राउंड और परेड ग्राउंड से रायपुर रोड तक के कार्य शामिल हैं।
लॉट-2 में भी पांच कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें कांवली रोड और सहारनपुर रोड पर कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा इंजीनियर एन्क्लेव, बल्लूपुर चौक और यमुना कॉलोनी क्षेत्रों में नए कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से शहर में बिजली व्यवस्था बेहतर होगी और ट्रैफिक बाधाएं भी कम होंगी।