देहरादून। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया, जिसे ‘नाइट स्ट्राइक’ नाम दिया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पब, बार और रेस्टोरेंट की सघन जांच की गई, साथ ही सड़कों पर चल रहे वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी कड़ी निगरानी की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र स्थित ‘बैठक रेस्टोरेंट’ और डालनवाला क्षेत्र के ‘डायनेस्टी क्लब 90 बार’ में निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालन जारी पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने दोनों प्रतिष्ठानों को तुरंत बंद कराया और संचालकों व स्टाफ को थाने लाकर उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 35 नशे में वाहन चला रहे चालकों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 38 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने कुल 91 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कर 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि 40 चालकों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किए गए।
इसके साथ ही देर रात सड़कों पर घूम रहे 600 से अधिक लोगों की जांच की गई और उनसे पूछताछ कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 75 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 18,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 18 संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।