दून में अंतरिक्ष की बात! शुभांशु शुक्ला युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित दून पुस्तक महोत्सव के तहत होने वाले लिटरेचर फेस्ट में इस बार खास आकर्षण भारतीय वायु सेना के फाइटर पायलट और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला होंगे। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बुधवार को मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर अपने अनुभव साझा करेंगे।

शुभांशु शुक्ला भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन से जुड़े अंतरिक्ष यात्री हैं। वे कार्यक्रम के दौरान अंतरिक्ष मिशनों से जुड़ी अपनी यात्रा, प्रशिक्षण और अनुभवों के बारे में विस्तार से बताएंगे। साथ ही अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं पर भी चर्चा करेंगे।

यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा, जो अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक में अपना करियर बनाना चाहते हैं। शुक्ला युवाओं से सीधे संवाद कर उनके सवालों के जवाब भी देंगे और उन्हें इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे।

गौरतलब है कि राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। वे Axiom Mission 4 से भी जुड़े हुए हैं और अपने योगदान के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च शांतिकालीन सम्मान अशोक चक्र से भी सम्मानित किया जा चुका है।

दून पुस्तक महोत्सव में उनकी उपस्थिति से न केवल कार्यक्रम की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि यह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा। इस आयोजन के जरिए देहरादून में विज्ञान और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.