रुड़की में आल इंडिया सूफी संत परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दरगाह जयपुर के सज्जादानशीं प्रोफेसर सैयद हबीबुर्रहमान नियाजी ने ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता सैयद अयातुल्ला खामनेई की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिल्ली स्थित ईरान कल्चर हाउस के प्रभारी तथा ईरान के धार्मिक पेशवा के प्रतिनिधि डॉ. सैयद अयातुल्ला अब्दुल हकीम इलाही के नाम शोक संदेश भेजकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
प्रो. नियाजी ने कहा कि अयातुल्ला खामनेई को “शहीदे इंसानियत” के रूप में याद किया जाएगा। उनके अनुसार खामनेई जैसे व्यक्तित्व कभी मरते नहीं, बल्कि इंसाफ और मानवता में विश्वास रखने वाले लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि अयातुल्ला खामनेई का भारत के प्रति विशेष लगाव और सम्मान था तथा वे हमेशा दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के पक्षधर रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत और ईरान के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध इतने मजबूत हैं कि उन्हें कोई भी शक्ति समाप्त नहीं कर सकती। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद दोनों देशों के रिश्तों में आपसी सम्मान और सहयोग की भावना बनी हुई है।
इस अवसर पर आल इंडिया सूफी संत परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के सज्जादानशीं सैयद अनफाल निजामी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अयातुल्ला खामनेई भारत के प्रति गहरा सम्मान रखते थे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में उनकी सोच सकारात्मक रही।
अंतरराष्ट्रीय शायर और परिषद के राष्ट्रीय महासचिव अफजल मंगलौरी ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि मध्य एशिया की खनिज संपदा और तेल संसाधनों को लेकर वैश्विक राजनीति में कई तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।
इस अवसर पर दरगाह रजबपुर के अनवर राशिद फरीदी, सैयद जाफर निजामी, इंजीनियर मोहम्मद असलम, एडवोकेट असगर अली, दरगाह मोहब्बत अली शाह सिकरोड़ा के सज्जादानशीं मजाहिर हसन साबरी और अंजुम साबरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

