रुद्रपुर। शहर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। शनिवार को भी इंडेन गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
इसी बीच पूर्व विधायक **राजकुमार ठुकराल** मौके पर पहुंचे और गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने एजेंसी पर ही इंडेन गैस के एरिया सेल्स ऑफिसर **हर्षित पंत** का घेराव कर व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
पूर्व विधायक ठुकराल काफी देर तक एजेंसी परिसर में मौजूद रहे और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। उन्होंने कहा कि शहर में गैस सिलेंडरों की मांग बहुत अधिक है, लेकिन एजेंसी पर सिर्फ एक गाड़ी ही भेजी जा रही है, जो जरूरत के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने इस व्यवस्था को “ऊंट के मुंह में जीरा” बताते हुए कहा कि पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को घंटों धूप में लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
ठुकराल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक गैस की गाड़ियों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी, तब तक जनता का आक्रोश शांत नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
पूर्व विधायक के सख्त रुख और उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानी को देखते हुए एरिया सेल्स ऑफिसर हर्षित पंत ने तुरंत अपने उच्च अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद एजेंसी के लिए एक अतिरिक्त गैस गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अतिरिक्त गाड़ी की व्यवस्था होने के बाद उपभोक्ताओं ने कुछ राहत महसूस की, लेकिन लोगों ने स्थायी समाधान की मांग भी उठाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।