मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल, धारचूला जीत का संकेत!

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में अपना संगठन विस्तार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद **महेंद्र भट्ट** ने नए सदस्यों का फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों का भाजपा में शामिल होना धारचूला विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की मजबूत स्थिति का संकेत है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के कार्यों से विकास की नई बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री **नरेंद्र मोदी** और मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि के लोग भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ना चाहते हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री **कुंदन परिहार** ने संचालन किया। इस दौरान मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती, सभासद गणेश पांगती, जितेंद्र जोठा, हंसा देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह बृजवाल, पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह छूरातोली सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इसके अलावा नवीन जौपनी, महेश रावत, सुरेंद्र सिंह निखुरप्पा, भूपेंद्र सिंह धर्मसत्तू, मनोज सिंह मर्तोलिया, मनोहर सिंह घपवाल, नितिन रावत, कृष्णा पांगती, दीपू बृजवाल, कैलाश जेरठा, राजू बम, दिनेश बृजवाल और लाजवंत बृजवाल समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की रीति-नीति में विश्वास जताते हुए संगठन से जुड़ने का निर्णय लिया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक और पिथौरागढ़ जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.