रुद्रपुर। शहर में मंगलवार को मांस बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को त्रिशूल चौक क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर नॉनवेज परोस रहे एक ढाबे पर नगर निगम की टीम ने अचानक छापेमारी कर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार त्रिशूल चौक स्थित **अली ख्वाजा बिरयानी** नामक प्रतिष्ठान में मंगलवार की पाबंदी के बावजूद नॉनवेज तैयार कर ग्राहकों को परोसा जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर Vikas Sharma ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। उनके आदेश पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की।
जैसे ही टीम दुकान पर पहुंची, वहां नॉनवेज पकाए और परोसे जाने की पुष्टि हुई। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकान में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर मौजूद नॉनवेज के साथ पतीला और अन्य संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया।
नगर निगम अधिकारियों ने ढाबा संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि इस प्रकार के नियमों का उल्लंघन दोबारा किया गया तो दुकान को सील करने के साथ ही भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने आसपास के होटल और ढाबा संचालकों को भी सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की धार्मिक और सामाजिक मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को कच्चा या पका हुआ मांस बेचना और होटल-ढाबों में परोसना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
नगर निगम ने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान इन आदेशों की अनदेखी करेगा, उसके खिलाफ नगर निगम अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी में जेई शुभम कुमार, मनोज गहतोड़ी, शुभम पाल, सुमित सहित नगर निगम के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।