After Header-1

गौ संरक्षण से बदलेगी गांवों की तस्वीर, धामी ने बताया किसानों की समृद्धि का रास्ता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की खुशहाली से भी है। गोवंश का संरक्षण और संवर्धन ग्रामीण जीवन को आत्मनिर्भर बनाने के साथ कृषि व्यवस्था को भी मजबूती दे सकता है। उन्होंने गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और चिकित्सा से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान और प्रशिक्षण से जोड़कर एक नई दिशा दे रही है।

धामी ने कहा कि प्राचीन भारतीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। यहां स्थापित किए जा रहे संस्थान पशु चिकित्सा, आयुर्वेद और अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा दोनों क्षेत्रों को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलकर यमुना ब्रजभूमि को जीवन प्रदान करती हैं। उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि प्राचीन समय में श्रद्धालु यमुनोत्री यात्रा शुरू करने से पहले हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान करते थे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.