स्वीकृत योजनाओं में ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधारीकरण के लिए 4.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक सड़क के बीएम/एसडीबीसी से सुदृढ़ीकरण के लिए 2.42 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं, हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में सीसी और इंटरलॉकिंग मार्गों के निर्माण के लिए 2.49 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है। चम्पावत के ढकना बडोला गांव में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र स्थित रसैपाटा के पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के चार मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 49.94 लाख रुपये और चमोली के कर्णप्रयाग में दानवीर कर्ण मंदिर के विकास के लिए 99.71 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए भी एक करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण के लिए 1.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कारगी चौक स्थित जाट भवन के निर्माण के लिए 1.25 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि मंजूर हुई है। मसूरी के आर्यनगर वार्ड में आंतरिक सड़कों, नालियों और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये तथा चम्पावत के कठाड़ कमेला गांव में सीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
डीडीहाट क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग के उच्चीकरण के लिए 1.11 करोड़ रुपये और डोईवाला क्षेत्र में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला तक सड़क निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। कई योजनाओं के लिए प्रथम किश्त जारी करने का अनुमोदन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने, धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार करने और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

