डॉ. रावत ने कहा कि जुलाई 2026 में उत्तराखंड को देश का पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की उपलब्धि है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 500 सरकारी स्कूल डिजिटल स्टूडियो से जुड़ चुके हैं। स्कूली और उच्च शिक्षा में AI को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय और IIT मद्रास के सहयोग से ‘एआई फॉर ऑल’ पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिल रहा है।
सरकारी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके अलावा 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय और 281 पीएम श्री स्कूल विकसित किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
शिक्षा मंत्री के अनुसार मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना से अब तक 20 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिला है। वहीं, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 21,743 विद्यार्थियों को 17.67 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश में डिग्री कॉलेजों की संख्या बढ़कर 139 और सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या 52 हो गई है।
उच्च शिक्षा को रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना के तहत पांच वर्षों में करीब 1.19 लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लगभग 200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। प्रत्येक जिले के नगर पालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा को भी महत्व दिया जा रहा है। स्कूलों में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक पाठ की शुरुआत की गई है। साथ ही अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की शुरुआत की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड शिक्षा के क्षेत्र में देश के आदर्श राज्यों में शामिल होगा।

