After Header-1

शीतकालीन चारधाम यात्रा में बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या, अब तक 1,659 ने किए दर्शन

देहरादून। उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। बर्फबारी और ठंड के बीच भी भक्त भगवान के दर्शन के लिए शीतकालीन प्रवास स्थलों का रुख कर रहे हैं। चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन की 25 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक कुल 1,659 श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 1,595 श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ और 64 श्रद्धालुओं ने चमोली जिले के पांडुकेश्वर में दर्शन किए हैं।

संगठन की ओर से गुरुवार सुबह 11 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 25 नवंबर को कुल 256 श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचे। इनमें 254 श्रद्धालुओं ने उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और दो श्रद्धालुओं ने पांडुकेश्वर में दर्शन किए।

आंकड़ों के अनुसार, उखीमठ में 20 नवंबर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ था। पहले दिन 221 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके बाद 21 नवंबर को 333, 22 नवंबर को 206, 23 नवंबर को 314 और 24 नवंबर को 267 श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, पांडुकेश्वर में 17 नवंबर को 29 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इसके बाद यहां भी लगातार भक्त पहुंच रहे हैं।

हालांकि, गंगोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा और यमुनोत्री के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में 25 नवंबर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का कोई आंकड़ा दर्ज नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि चारधाम के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर सर्दियों में भी नियमित पूजा-अर्चना की परंपरा है। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान की उत्सव डोली उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होती है। बदरीनाथ धाम की शीतकालीन पूजा पांडुकेश्वर के योगध्यान बदरी मंदिर और जोशीमठ के नृसिंह मंदिर से जुड़ी है।

इसी तरह मां गंगा की पूजा मुखबा और मां यमुना की पूजा खरसाली गांव में होती है। इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु सर्दियों में भी चारधाम की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़कर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.