कोकराझार (असम)। असम में अलग बोडोलैंड राज्य की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस आंदोलन को नई दिशा और गति देने के लिए कोकराझार में ‘बोडोलैंड स्टेट डिमांड कमेटी’ नामक नए संगठन का गठन किया गया है। संगठन ने सोनकोष नदी से सदिया तक के क्षेत्र को शामिल कर अलग बोडोलैंड राज्य बनाने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का निर्णय लिया है। इसके तहत दिसंबर में नई दिल्ली में राष्ट्रीय परिचर्चा आयोजित की जाएगी।
बुधवार देर शाम कोकराझार के देवरगांव स्थित बोडोलैंड शहीद समाधि स्थल परिसर में आयोजित बैठक में बोड़ो समुदाय के विभिन्न जातीय संगठनों, छात्र संगठनों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अलग राज्य के गठन की मांग को संगठित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए नई कमेटी के गठन की औपचारिक घोषणा की गई।
नवगठित कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी बोड़ो नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन (बनसू) के अध्यक्ष बंजीत मंजिल बसुमतारी को सौंपी गई है, जबकि नवज्योति स्वर्गीयारी को समन्वयक बनाया गया है। बैठक में शामिल विभिन्न संगठनों को कमेटी का सहयोगी सदस्य बनाया गया है। आने वाले दिनों में अन्य पदाधिकारियों और सलाहकारों का चयन कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
कमेटी ने केंद्र सरकार से वर्ष 2014 में गठित जीके पिल्लई की एक सदस्यीय विशेषज्ञ समिति को पुनर्जीवित करने की मांग भी की है। तत्कालीन एनडीए सरकार ने अलग बोडोलैंड राज्य की संभावना का आकलन करने और रिपोर्ट तैयार करने के लिए इस समिति का गठन किया था।
कमेटी के पदाधिकारियों के अनुसार, दिसंबर में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय परिचर्चा में अलग राज्य की मांग, इसकी संभावनाओं और बोड़ो समुदाय की लंबित समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। इसके बाद बोडोलैंड क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी के साथ राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें आंदोलन की भावी रणनीति और आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।
कमेटी का कहना है कि सोनकोष नदी से सदिया तक के उत्तरी ब्रह्मपुत्र क्षेत्र को प्रस्तावित बोडोलैंड राज्य में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

