After Header-1

प्रदूषण से जूझ रही सोंग नदी को मिलेगा नया जीवन, कायाकल्प की तैयारी तेज

देहरादून।उत्तराखंड में जल प्रदूषण और जलजनित एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए सोंग नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में पहल शुरू की गई है। इसके तहत इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आईडब्ल्यूएमआई) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में 23 और 24 नवंबर को दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसमें विशेषज्ञ नदी की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के साथ प्रदूषण रोकने और जल गुणवत्ता सुधारने के उपायों पर मंथन कर रहे हैं।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सोंग नदी बेसिन में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों और हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके प्रभावी समाधान तलाशना है। इसके लिए जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी, जलविज्ञान मॉडलिंग, डिजिटल ट्विन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। इन तकनीकों के माध्यम से नदी में प्रदूषण की स्थिति और उसके संभावित कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा।

इस पहल के तहत सोंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा ‘वन हेल्थ’ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य भूमि, जल और खाद्य प्रणालियों में प्रदूषण तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रसार को नियंत्रित करना है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर समन्वित समाधान विकसित किए जाएंगे।

कार्यशाला में सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य और नदी कायाकल्प से जुड़े विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा ICAR, BAIF, WHO सहित विभिन्न शोध और सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधि भी अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक (डब्ल्यूएमडी) दिलीप जावलकर ने कहा कि सोंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना और उसकी स्थिति में सुधार लाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नियमित निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सोंग नदी के संरक्षण और कायाकल्प को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.