श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की जानकारी लेने के साथ पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर बसा श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ क्षेत्र के विकास के लिए भी लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यूकॉस्ट के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित की जाएगी और नगर निगम के नए कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।
धामी ने धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट बनाने की घोषणा की। साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में भी आधुनिक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके साथ ही आधुनिक बस स्टैंड, पार्किंग और छात्रावास जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

