After Header-1

चुनाव से पहले धामी सरकार को याद आई मातृशक्ति, पांच साल महिलाओं की सुध क्यों नहीं ली? : गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड में बैणी-भुली योजना को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार को प्रदेश की मातृशक्ति की याद अपने कार्यकाल के अंतिम दो महीनों में आई है। उन्होंने सवाल किया कि पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए और अब चुनाव से ठीक पहले आर्थिक सहायता की घोषणा क्यों की जा रही है?

गोदियाल ने कहा कि सरकार पांच लाख महिलाओं को योजना का लाभ देने का दावा कर रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या उत्तराखंड में केवल पांच लाख महिलाएं ही हैं? बाकी महिलाओं को इस योजना से बाहर क्यों रखा गया है? उन्होंने कहा कि पहली किस्त चुनाव से पहले और अगली किस्त चुनाव के बाद देने की बात सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है। यह कल्याणकारी योजना से अधिक चुनावी लाभ लेने की कोशिश नजर आती है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा से पूछा कि क्या उत्तराखंड में भी बिहार और पश्चिम बंगाल की तरह चुनाव के समय महिलाओं के खातों में धनराशि डालकर वोट हासिल करने की रणनीति अपनाई जा रही है? उन्होंने कहा कि भाजपा स्पष्ट करे कि महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता उनका अधिकार है या चुनावी मौसम में दिया जा रहा एहसान, जिसकी कीमत वोट के रूप में वसूली जाएगी।

गोदियाल ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो पांच साल के कार्यकाल में उन्हें आत्मनिर्भर बनाने, सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और रोजगार के अवसर देने के लिए ठोस काम करती। पहाड़ों में प्रसूता महिलाओं को डांडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाने की मजबूरी और जंगलों में घास लेने जाने वाली महिलाओं पर गुलदार के हमलों की घटनाएं सरकार की महिला सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और जंगली जानवरों के आतंक से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं।

गोदियाल ने कहा कि केवल चुनाव के समय महिलाओं के खातों में कुछ धनराशि डालने की घोषणा महिला सशक्तीकरण नहीं है। मातृशक्ति को आर्थिक प्रलोभन के बजाय सम्मान, सुरक्षा, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं जागरूक हैं और चुनावी घोषणाओं तथा पांच साल के शासन के वास्तविक कामकाज के बीच अंतर समझती हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि प्रदेश की मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है। महिलाएं अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.