After Header-1

यूपी में गठबंधन से पहले सपा-कांग्रेस में घमासान, 181 सीटों की मांग से बढ़ी मुश्किल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीटों के बंटवारे पर खींचतान शुरू हो गई है। दोनों दलों के बीच सोमवार को दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति और सीटों की हिस्सेदारी पर चर्चा होगी। कांग्रेस की ओर से सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। यह प्रदेश की कुल 403 सीटों का करीब 45 प्रतिशत है। हालांकि, समाजवादी पार्टी इतनी बड़ी हिस्सेदारी देने के पक्ष में नजर नहीं आ रही है।

सपा का मानना है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का चुनावी प्रदर्शन पिछले कई वर्षों से कमजोर रहा है। ऐसे में उसे इतनी बड़ी संख्या में सीटें देना राजनीतिक और चुनावी समीकरणों के लिहाज से उचित नहीं होगा। पार्टी का तर्क है कि सीटों का बंटवारा पिछले चुनावों के प्रदर्शन और मौजूदा राजनीतिक स्थिति को ध्यान में रखकर होना चाहिए।

पिछले छह विधानसभा चुनावों के आंकड़े भी कांग्रेस के लिए चुनौती पेश करते हैं। इन चुनावों में कांग्रेस ने औसतन 298 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, लेकिन उसे औसतन केवल 19 सीटों पर जीत मिली। इस दौरान पार्टी का औसत वोट शेयर 7.69 प्रतिशत रहा।

कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में सबसे बेहतर प्रदर्शन 1996 के विधानसभा चुनाव में रहा था। उस समय पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर 126 सीटों पर चुनाव लड़ा और 33 सीटें जीतने में सफल रही। पार्टी को 8.35 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि बसपा ने 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

इसके बाद 2002 में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ते हुए 402 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 25 सीटें जीतीं। 2007 में 393 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद पार्टी केवल 22 सीटों पर सिमट गई। वर्ष 2012 में राष्ट्रीय लोक दल के साथ गठबंधन के तहत कांग्रेस ने 355 सीटों पर चुनाव लड़ा और 28 सीटें हासिल कीं।

वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। उस समय दोनों दलों ने ‘यूपी को ये साथ पसंद है’ नारे के साथ चुनाव प्रचार किया था।

अब एक बार फिर दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। ऐसे में 181 सीटों की कांग्रेस की मांग और सपा के रुख के बीच सहमति बनाना बड़ी चुनौती है। सोमवार की बैठक को गठबंधन के भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.