After Header-1

‘रामायण’ के लिए एआर रहमान ने ठुकराईं 12 फिल्में, तीन साल तक की मेहनत

मुंबई। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ अपने भव्य निर्माण और दमदार कलाकारों के साथ संगीत को लेकर भी लगातार चर्चा में है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और जर्मन संगीतकार हंस जिमर संभाल रहे हैं। अब एआर रहमान ने फिल्म के संगीत को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा समय देने के लिए उन्होंने करीब 10 से 12 फिल्मों के प्रस्ताव ठुकरा दिए थे।

रहमान के मुताबिक, वह पिछले तीन वर्षों से ‘रामायण’ के संगीत, थीम और अलग-अलग धुनों पर काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हर रचना को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रयोग किए। कुछ धुनों के तो 12 से 13 अलग-अलग संस्करण तैयार किए गए। खास तौर पर ‘रावण तांडव’ की धुन को अंतिम रूप देने में काफी मेहनत करनी पड़ी। कई बार बदलाव और प्रयोग करने के बाद ऐसा संस्करण तैयार हुआ, जिसे सभी ने पसंद किया।

संगीतकार ने कहा कि वह इस परियोजना में अपनी पूरी रचनात्मक ऊर्जा लगाना चाहते थे। इसके लिए दूसरे बड़े फिल्म निर्माताओं के प्रस्ताव ठुकराने का फैसला भी उनके लिए सही साबित हुआ। रहमान का मानना है कि वह उन्हीं परियोजनाओं से जुड़ना पसंद करते हैं, जिनसे उनकी रचनात्मक सोच और संगीत का नजरिया मेल खाता हो। उन्होंने ‘रामायण’ के संगीत पर काम करने के अनुभव को बेहद खूबसूरत बताया।

फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ के संगीत एल्बम में ‘जय जय राम’, ‘रावण तांडव’ और ‘सीताज एस्पिरेशन’ जैसे गाने शामिल हैं। ‘जय जय राम’ को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है, जबकि ‘रावण तांडव’ को विशाल ददलानी ने गाया है। वहीं, ‘सीताज एस्पिरेशन’ में एआर अमीन, वैशाली सामंत, रक्षिता सुरेश और अंतरा नंदी की आवाजें सुनाई देंगी।

एल्बम के गीतों के बोल कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं। इसमें ‘जय जय राम’ का ऑर्केस्ट्रल संस्करण और रहमान तथा हंस जिमर की ओर से तैयार की गई ‘राम थीम’ भी शामिल है। फिल्म के संगीत को लेकर रहमान की तीन साल की मेहनत ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.