After Header-1

दिल्ली के व्यापार मेले में छाए उत्तराखंड के उत्पाद, धामी ने की कारीगरों की सराहना

 नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 के तहत उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड पवेलियन का शुभारंभ किया और प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कला की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के प्रयासों की सराहना करते हुए स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने पर जोर दिया।

पवेलियन में विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने उत्पादकों से उनके उत्पादों की विशेषताओं और विपणन की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां के पारंपरिक उत्पाद केवल सांस्कृतिक पहचान ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका और स्वरोजगार का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे प्रतिष्ठित आयोजन स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रभावी मंच हैं। इससे प्रदेश के कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों, शिल्पकारों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन तथा नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार भी पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित कर रही है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन, आधुनिक तकनीक और प्रभावी विपणन पर विशेष ध्यान दे रही है। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं तथा महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के विशिष्ट उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाएंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.