After Header-1

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, मां-बेटी समेत तीन की मौत

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना धौलछीना थाना क्षेत्र के हरड़ा में हुई, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं, जो मां-बेटी थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से तीनों लोगों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

एसडीआरएफ के मुताबिक, 12 नवंबर को अल्मोड़ा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से हरड़ा क्षेत्र में वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। वाहन में तीन लोगों के सवार होने की जानकारी पर सरियापानी पोस्ट से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मृतकों की पहचान हयात सिंह (36), निवासी ग्राम न्योली, बसंती देवी (40) और बीना देवी (19), निवासी ग्राम हरड़ा के रूप में हुई है। बसंती देवी और बीना देवी आपस में मां-बेटी थीं। दोनों हिम्मत सिंह की पत्नी और पुत्री थीं।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.