गुवाहाटी, 11 नवंबर। असम की राजधानी गुवाहाटी के नजदीक डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के इंजन सहित पांच कोच पटरी से उतर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हुई। बताया गया कि स्टेशन पर ट्रेन को दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सके, जिसके कारण ट्रेन पटरी से उतर गई।
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। दुर्घटना में ट्रेन का इंजन और पांच कोच पटरी से उतर गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की राहत एवं बचाव टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
सीपीआरओ ने बताया कि ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। यात्रियों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे की ओर से दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें आगे की यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत एवं बहाली कार्यों की निगरानी करेंगे।
फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना और प्रभावित रेल मार्ग पर परिचालन सामान्य करना है। हादसे के कारणों और रेल परिचालन पर इसके प्रभाव को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

