After Header-1

शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट, इस साल टूटे श्रद्धालुओं के सारे रिकॉर्ड

केदारनाथ/रुद्रप्रयाग, 11 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस भावुक और पवित्र क्षण के साक्षी पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बने। इस यात्रा वर्ष में बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या साढ़े 19 लाख तक पहुंच गई, जो यात्रा का एक नया कीर्तिमान है।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया बुधवार तड़के 3:30 बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। परंपरा के अनुसार स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया गया। इसके बाद स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढककर गर्भगृह के कपाट बंद किए गए।

इसके पश्चात भगवान केदारनाथ की चल विग्रह पंचमुखी डोली को सभा मंडप से बाहर लाया गया। पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री केदार’ और ‘ऊं नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंज उठा। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके बाद सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच पंचमुखी डोली अपने पहले पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। अगले छह माह तक यहीं भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना होगी। इससे पहले सात नवंबर को भगवान के रक्षक भकुंट भैरवनाथ के कपाट भी बंद कर दिए गए थे।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, श्री केदार सभा और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कपाट बंद होने के बाद अब शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित मंदिर समिति, जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.