After Header-1

सलमान खान की ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर रिलीज, देशभक्ति और एक्शन के साथ दिखेगा युद्ध का दर्द

मुंबई, 11 नवंबर। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब साढ़े चार मिनट के इस ट्रेलर में देशभक्ति, सैनिकों के बलिदान और युद्ध के पीछे छिपे मानवीय दर्द को प्रभावशाली अंदाज में पेश किया गया है। सलमान खान एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। हालांकि, फिल्म की कहानी केवल युद्ध और दुश्मनों से मुकाबले तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सैनिकों के पारिवारिक जीवन और भावनात्मक संघर्ष को भी प्रमुखता दी गई है।

ट्रेलर की शुरुआत से ही सैनिकों की जिंदगी की चुनौतियों और देश के प्रति उनके समर्पण की झलक देखने को मिलती है। इसमें दिखाया गया है कि देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात जवानों को किस तरह अपने परिवार और निजी जिंदगी से दूर रहना पड़ता है। हर बार घर से विदा होते समय उनके परिवारों के मन में अनहोनी का डर बना रहता है। यही भावनात्मक पहलू फिल्म की कहानी को खास बनाता है।

फिल्म में जबरदस्त एक्शन, हाथों से होने वाली लड़ाई और युद्ध के भव्य दृश्य देखने को मिलते हैं। इसके साथ ही कहानी युद्ध के उस पहलू को भी सामने लाती है, जिसमें नुकसान किसी एक देश या पक्ष का नहीं होता। दोनों तरफ के सैनिकों और उनके परिवारों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है। फिल्म शांति और मानवीय संवेदनाओं का संदेश भी देती नजर आती है।

इस फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका में दिखाई देंगी। ट्रेलर में दोनों के बीच की केमिस्ट्री के साथ कई भावुक दृश्य भी देखने को मिलते हैं। शानदार लोकेशन, प्रभावशाली सिनेमैटोग्राफी और संगीत फिल्म के प्रभाव को और बढ़ाते हैं।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स ने किया है। ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ आगामी 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर सामने आने के बाद अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.