After Header-1

ऋषिकेश को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 36 करोड़ की योजनाओं से बदलेगी विकास की तस्वीर

 उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को विकास की कई सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण करने के साथ देहरादून जिले में 36 करोड़ रुपये से अधिक की सात विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नौ नगर निकायों में विकसित पार्कों को जनता को समर्पित किया। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि रजत जयंती के अवसर पर सरकार ने विकास कार्यों के जरिए राज्य निर्माण की स्मृतियों को स्थायी स्वरूप देने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में उन स्थानों पर पार्क विकसित किए गए हैं, जहां पहले कूड़े के ढेर और झाड़ियां हुआ करती थीं। अब ये स्थान हरियाली और सार्वजनिक सुविधाओं से युक्त होंगे।

धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है तथा शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किया जा रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि को दोबारा उपयोग योग्य बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। अमृत योजना के तहत हजारों परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और रोजगार के अवसरों का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकता है। कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, कुसुम कण्डवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.