After Header-1

उत्तराखंड को 1475 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, अमित शाह और धामी ने किए 62 परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून। उत्तराखंड राज्योत्सव के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश को 1475.31 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

ऊर्जा क्षेत्र में यूपीसीएल की 550.26 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें 472.33 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण हुआ। इनसे प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही बिजली से जुड़ा बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पेयजल निगम की 273.20 करोड़ रुपये की 13 योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। इनमें 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास और 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

लोक निर्माण विभाग की 118.46 करोड़ रुपये की चार योजनाओं के माध्यम से सड़क और अन्य निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। इनमें 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

शहरी विकास विभाग की 103.20 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया। इनमें 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास और 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण हुआ। इन परियोजनाओं में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य प्रमुख हैं।

तकनीकी शिक्षा विभाग की 97.04 करोड़ रुपये की चार योजनाओं के तहत नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। वहीं, पर्यटन क्षेत्र में 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्य शामिल हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.