समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस की भव्य परेड का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होना राज्य पुलिस बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान पुलिसकर्मियों के समर्पण, साहस, सेवाभाव और कठिन परिस्थितियों में निभाई गई जिम्मेदारियों का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। विशिष्ट सेवा के लिए सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक नारायण सिंह नपलच्याल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव को सम्मानित किया गया।
वहीं, सराहनीय सेवा के लिए पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र, सहायक सेनानायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक (अभिसूचना) सौहकार पुण्डीर को पदक प्रदान किए गए।
समारोह में राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत होने की उपलब्धि को उत्तराखंड पुलिस के गौरवशाली इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा गया। यह सम्मान न केवल राज्य पुलिस बल की अब तक की सेवाओं की पहचान है, बल्कि आने वाले समय में पुलिसकर्मियों को और अधिक निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करने वाला भी है।

