शुक्रवार को देहरादून स्थित जलागम निदेशालय के सभागार में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की वर्तमान स्थिति और कार्यों के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं को धरातल पर उतारने में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।
उन्होंने विशेष रूप से धीमी गति से चल रहे कार्यों की निगरानी करने और उनमें तेजी लाने पर जोर दिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ संबंधित क्षेत्रों और लोगों को मिल सके।
कैड़ा ने कहा कि विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

