After Header-1

भारत का गोलों से धमाका! कोरिया को 8-1 से रौंदकर फाइनल में बनाई जगह

मोहाली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। बुधवार को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में मौजूदा चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त दी। अब भारतीय टीम गुरुवार को खिताब के लिए जापान से भिड़ेगी।

भारत की इस शानदार जीत के हीरो शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह रहे। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, अंगद बीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने एक-एक गोल दागा। दक्षिण कोरिया की ओर से हान सांगजुन एकमात्र गोल कर सके।

घरेलू दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि, नौवें मिनट में दक्षिण कोरिया ने बराबरी कर ली। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को फिर आगे कर दिया। 13वें मिनट में शिलानंद ने अपना दूसरा गोल दागकर बढ़त मजबूत कर दी।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रमण और तेज कर दिया। सुखजीत सिंह ने 21वें मिनट में रिवर्स फ्लिक से शानदार गोल किया। इसी मिनट दिलप्रीत सिंह ने भी गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। 25वें मिनट में दिलप्रीत ने अपना दूसरा गोल दागते हुए मध्यांतर तक भारत को 6-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में अंगद बीर सिंह ने 36वें मिनट में सातवां गोल किया। वहीं, मुकाबले के 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास से आठवां गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। दो गोल करने वाले दिलप्रीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले जापान ने मलेशिया को पेनाल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। अब पांच नवंबर को शाम सात बजे भारत और जापान के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम की नजरें छठी बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने पर होंगी।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.