खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच काफी सहज नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट और उपहार वितरित किए तथा झूला झुलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास और प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में 65.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच और परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में करीब 70 बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यहां पांच आधुनिक कक्षों के साथ स्टेम लैब की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थी खेल-खेल में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तकनीक आधारित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। कक्षा एक से 12वीं तक के 1.45 लाख विद्यार्थियों को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए आठ करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 264 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, 87 विद्यालयों में वर्चुअल क्लास और 16 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 152 विद्यालयों के 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में कृषि, बागवानी, मधुमक्खी पालन, स्वरोजगार और स्टार्टअप के क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार इन क्षेत्रों को प्रोत्साहित कर युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
