After Header-1

समुद्र की लहरों ने छीनी तीन जिंदगियां, गोकर्ण बीच पर घूमने गए बेंगलुरु के कर्मचारियों की मौत

गोकर्ण। कर्नाटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोकर्ण में समुद्र किनारे घूमने गए बेंगलुरु की एक कंपनी के तीन कर्मचारियों की डूबने से मौत हो गई। रविवार को समुद्र में अचानक उठी तेज लहरों की चपेट में आने से पांच कर्मचारी बह गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही लाइफगार्ड और स्थानीय मछुआरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। हालांकि, तीन लोगों को नहीं बचाया जा सका। बाद में तीनों के शव बरामद कर लिए गए।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय शोभा दास देवेंद्रनाथ, मोहम्मद अकरम इस्माइल अहमद और 24 वर्षीय विश्वा एके के रूप में हुई है। शोभा झारखंड की रहने वाली थीं। तीनों बेंगलुरु स्थित कंपनी अलोरिका इकोपेस में कार्यरत थे। कंपनी का कार्यालय बेलंदूर में है।

जानकारी के मुताबिक, कंपनी के 16 कर्मचारियों की टीम शनिवार शाम घूमने के लिए गोकर्ण पहुंची थी। सभी एक निजी रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे, जो समुद्र तट के नजदीक स्थित है। रविवार को टीम के पांच कर्मचारी डुब्बनशशि बीच पर समुद्र में नहाने और घूमने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक समुद्र में तेज लहरें उठीं और पांचों को किनारे से दूर बहाकर ले गईं।

पानी के तेज बहाव के बीच कर्मचारी खुद को संभालने और किनारे तक पहुंचने की कोशिश करने लगे। हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव अभियान शुरू किया गया। इसमें लाइफगार्ड के साथ स्थानीय मछुआरे भी जुट गए।

काफी प्रयासों के बाद पांच में से दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उनकी पहचान निशांत डीवी और मोहम्मद कासिम के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए गोकर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

इस हादसे से कर्मचारियों की टीम में मातम छा गया। घूमने-फिरने के लिए निकले साथियों के लिए यह यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.