उत्तरकाशी के दो डॉक्टरों को मिला उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान, दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर सेवाओं की हुई सराहना
उत्तरकाशी। जनपद में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सक डॉ. आरसी आर्य और डॉ. मनोज असवाल को उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान 2024-25 से सम्मानित किया गया है। दोनों चिकित्सकों को यह सम्मान आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा सेवाओं के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
उत्तराखंड डिस्कवर 24 न्यूज की ओर से आमजन से प्राप्त फीडबैक के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में समाजसेवा करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की गई। इसी क्रम में रविवार को कोटद्वार स्थित टीसीजी स्कूल में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दोनों चिकित्सकों को सम्मान प्रदान किया।
उप जिला चिकित्सालय पुरोला में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं जनरल फिजिशियन के रूप में कार्यरत डॉ. मनोज असवाल क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके सेवाभाव, समर्पण और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया।
वहीं, डॉ. आरसी आर्य जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। वह सप्ताह में छह दिन उप जिला चिकित्सालय पुरोला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में गर्भवती महिलाओं सहित आमजन को अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को महत्वपूर्ण जांच के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत कम हुई है।
चारधाम यात्रा के दौरान भी डॉ. आर्य स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के मार्गदर्शन में वह यमुनोत्री धाम के नोडल अधिकारी के रूप में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य देखभाल और चिकित्सा व्यवस्थाओं का समन्वय करते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने दोनों चिकित्सकों को बधाई देते हुए उनके सेवाभाव और कार्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने में योगदान देते रहेंगे।
