After Header-1

उत्तराखंड में छठ पूजा को मिलेगी नई पहचान, तीन जिलों में बनेंगे 20 नए घाट

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में छठ पूजा के लिए 20 नए घाटों के निर्माण की घोषणा की है। ऊधमसिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिले में इन घाटों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग करते हुए यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ ही सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा में छठ पूजा के घाट बनाए जाएंगे। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट और विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के किनारे घाट विकसित किए जाएंगे। चम्पावत जिले के बनबसा में भी छठ पूजा स्थल का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से प्रभावित केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण तेजी से किया गया है। केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विकास भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रमेश जोशी, अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.