भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर पार्टी रमजान के दौरान विदेशों में युद्ध बंद कराने की वकालत करती है, वहीं दूसरी ओर हिंदू त्योहारों के दौरान देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और बयानों के माध्यम से देश के सामाजिक एवं आर्थिक हितों का भी ध्यान रखना चाहिए।
भट्ट ने कांग्रेस की दिल्ली रैली को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह राजनीतिक प्रदर्शन जनहित के बजाय अराजकता को बढ़ावा देने वाला है।
वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के संबंधियों पर जमीन कब्जाने से जुड़ी शिकायत के मामले में भट्ट ने कहा कि इस प्रकरण में सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों और जांच के परिणामों को देखना जरूरी है।
जेनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस और अन्य पक्षों के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप पर भी भट्ट ने तंज कसा। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि कालीन के नीचे दबा सच आखिरकार सामने आना ही चाहिए।
भट्ट के इन बयानों के जरिए भाजपा ने कांग्रेस की दिल्ली रैली के साथ ही प्रदेश में चल रहे राजनीतिक विवादों पर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की।
