After Header-1

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसी यात्री बस, 3 की मौत और 10 घायल

रायपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में दरचुरा के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस (सीजी 04 एनएम 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिसके कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गैस कटर से बाहर निकाले गए यात्री

बताया जा रहा है कि खड़े ट्रक के आसपास अन्य वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए ट्रैफिक कोन लगाए गए थे। इसके बावजूद बस चालक उन्हें नहीं देख पाया और तेज रफ्तार बस सीधे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान गैस कटर की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शव पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि हाईवे पर यातायात बाधित न हो। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में हाल के दिनों में बस दुर्घटनाओं की कई घटनाएं सामने आई हैं। रविवार को कोरिया जिले के चर्चा थाना क्षेत्र में बस और बोलेरो की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हुए थे। इससे पहले गुरुवार को मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस सेमरमथानी मोड़ पर पेड़ से टकरा गई थी। उस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.