फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। थाना नसीरपुर क्षेत्र के छटनपुर गांव में टेशू-झिझियां की शादी के बाद विसर्जन की रस्म निभा रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कार में सवार चार लोगों को हिरासत में लिया है।
विसर्जन के दौरान ग्रामीणों को कार ने रौंदा
ग्रामीणों के मुताबिक, शरद पूर्णिमा के अवसर पर गांव में टेशू-झिझियां की शादी के बाद रविवार देर रात लड़कियां सड़क किनारे स्थित कुएं में विसर्जन करने पहुंची थीं। इस दौरान कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। तभी तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी लड़कियों और ग्रामीणों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि चालक ने इस दौरान भी लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार रोक ली और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उनकी पिटाई भी की।
दो किशोरियों समेत चार की मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आकांक्षा (15), अंजली (15), दीपिका (19) और हरीश उर्फ सोनू (25) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में चंद्रवीर, उमाशंकर, धीरज, सोनू, मयंक, पूजा, मोहिनी और सुमन समेत आठ लोग घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कार में दिल्ली निवासी इरफान, गुफरान, देवेश और जगदीश सवार थे। चारों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को सहायता और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करने की बात कही है।
