देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सवालों के बीच इस तरह की नियुक्ति उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को आहत करने वाली है।
गरिमा दसौनी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील मामला है। अंकिता के माता-पिता द्वारा कथित वीआईपी का नाम लिए जाने के बाद भी इस प्रकरण से जुड़े सवाल लगातार उठ रहे हैं। प्रदेश की जनता मामले की निष्पक्ष जांच और सभी पहलुओं पर स्पष्ट जवाब चाहती है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि जनता की भावनाओं का सम्मान करने के बजाय ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, जिनसे लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना और मामले से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब देना जरूरी है।
कांग्रेस ने मांग की कि हत्याकांड से जुड़े वीआईपी प्रकरण की जांच में सामने आने वाले तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और जनता की आशंकाओं का समाधान किया जाए।
