After Header-1

यूपी में सपा को बड़ा झटका! तीन विधायक थामेंगे भाजपा का दामन, स्मृति ईरानी भी रहेंगी मौजूद

अमेठी, 13 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के तीन विधायक भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। अमेठी के गौरीगंज स्थित मंगलम परिसर के सामने बुधवार को सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

इस आयोजन में सपा से निष्कासित गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के अलावा कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी और गोसाईंगंज के विधायक अभय सिंह के भाजपा की सदस्यता लेने की बात कही गई है। इस घटनाक्रम को प्रदेश की सियासत में अहम माना जा रहा है।

15 साल बाद सपा से अलग होने का फैसला

गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उनका निर्णय किसी सौदेबाजी का परिणाम नहीं, बल्कि विचारधारा और आस्था से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से सपा के टिकट पर विधायक बनते रहे हैं, लेकिन अब पार्टी में घुटन महसूस होने के कारण उन्होंने अलग रास्ता चुना है।

राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विधायक बने रहना नहीं, बल्कि अमेठी में भाजपा को मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के करीब 80 प्रतिशत ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और पूर्व प्रधान सहित 98 प्रतिशत समर्थक उनके साथ भाजपा में शामिल होंगे।

ढाई साल के मंथन के बाद लिया फैसला

राकेश प्रताप सिंह के मुताबिक, क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा में शामिल होने के फैसले तक पहुंचने में करीब ढाई साल का समय लगा। उन्होंने समर्थकों से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया। उनका कहना है कि सपा के कई अन्य विधायक और नेता भी भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए पार्टी की राष्ट्रीय जॉइनिंग कमेटी की अनुमति आवश्यक है।

अमेठी की पांचों सीटें जीतने का दावा

राकेश प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा देश के विकास और उत्तर प्रदेश को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा अमेठी की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रत्याशी संगठन और जनता के समर्थन से 50 हजार मतों के अंतर से जीत सकते हैं। हालांकि, ये उनके राजनीतिक दावे हैं, जिनकी पुष्टि चुनाव परिणामों से ही होगी।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.