विद्यालयी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए जिलों को 1 करोड़ 35 लाख 60 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। इसमें प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30.60 लाख रुपये, भोजन के लिए 55 लाख रुपये और खिलाड़ियों की यात्रा के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। शेष धनराशि का आवंटन वार्षिक खेल कैलेंडर जारी होने के बाद किया जाएगा।
जिलेवार आवंटन में ऊधम सिंह नगर को सर्वाधिक 19.33 लाख रुपये मिले हैं। देहरादून के लिए 16.88 लाख, नैनीताल के लिए 13.26 लाख और पौड़ी के लिए 12.74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा चमोली को 10.65 लाख, अल्मोड़ा को 10.42 लाख, चंपावत को 9.28 लाख, पिथौरागढ़ को 8.32 लाख, बागेश्वर को 7.79 लाख, टिहरी को 7.63 लाख, उत्तरकाशी को 6.98 लाख, रुद्रप्रयाग को 5.20 लाख और हरिद्वार को 7.08 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर हुए व्यय के भुगतान के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
विभाग के अनुसार, राज्य स्तरीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के भाग लेने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बजट उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे।
