देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित पर्वतारोहण अभियान में भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई), दार्जिलिंग के संयुक्त दल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। दल ने 7,045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट का सफल आरोहण कर शिखर पर 2,500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया। भारतीय तटरक्षक बल के इतिहास में 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली किसी पर्वत चोटी पर पहुंचने का यह पहला सफल अभियान है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अभियान दल का फ्लैग-इन किया और सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमालय की कठिन परिस्थितियों में मिली यह सफलता पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का प्रमाण है। यह उपलब्धि प्रदेश के साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
उत्तराखंड के 25 वर्षों को समर्पित अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान साहस, शौर्य और पर्वतारोहण की समृद्ध परंपरा से जुड़ी है। राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान का विशेष महत्व है। पर्वत शिखर पर विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराना प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और हिमालय से उसके गहरे जुड़ाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार युवाओं को पर्वतारोहण और अन्य साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं।
2027 में एवरेस्ट अभियान की तैयारी
एचएमआई दार्जिलिंग के प्राचार्य और अभियान दल के नेता कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत माउंट मुकुट ईस्ट का आरोहण किया गया। पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी एचएमआई को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस अभियान से प्राप्त अनुभव एवरेस्ट अभियान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
