After Header-1

मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर धामी कैबिनेट का धन्यवाद प्रस्ताव, उत्तराखंड को मिली सौगातें

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। मंत्रिमंडल ने उनके कार्यकाल को सेवा, सुशासन, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित बताते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

प्रस्ताव में कहा गया कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में जनकल्याण, आधारभूत ढांचे, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण काम हुए हैं। मंत्रिमंडल ने जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं को जनहित से जुड़ी प्रमुख पहल बताया।

जनकल्याण और राष्ट्रीय उपलब्धियों की सराहना

धन्यवाद प्रस्ताव में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने, पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना, चंद्रयान-3 की सफलता और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख किया गया। मंत्रिमंडल ने महिलाओं, किसानों और युवाओं के सशक्तीकरण तथा शासन में पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों की भी सराहना की।

उत्तराखंड के विकास में केंद्र के सहयोग का उल्लेख

प्रस्ताव में प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और राज्य की विकास परियोजनाओं में केंद्र सरकार के सहयोग को रेखांकित किया गया। मंत्रिमंडल ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान और धराली आपदा के दौरान मिली सहायता के लिए केंद्र का आभार जताया।

2.25 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम

मंत्रिमंडल के अनुसार, उत्तराखंड में सड़क, रेल, रोपवे, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों में 2.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अवस्थापना परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

बैठक में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का भी उल्लेख किया गया। सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटेगा और पर्यटन, व्यापार तथा रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। मंत्रिमंडल ने इन पहलों को राज्य के विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने वाला बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.